Responsive Search Bar

Academic Notes

विधिशास्त्र की परिभाषा एवं क्षेत्र-विस्तार

(Definition and Scope of Jurisprudence)

विधिशास्त्र की परिभाषा एवं क्षेत्र-विस्तार का उल्लेख कीजिए।

उत्तर – विधिशास्त्र की परिभाषा (Definition of Jurisprudence)

1. विधिशास्त्र शब्द की उत्पत्ति एवं शाब्दिक अर्थ

‘विधिशास्त्र’ शब्द की उत्पत्ति दो लैटिन शब्दों ‘ज्यूरिस’ (Juris) और ‘प्रूडेंशिया’ (Prudentia) के योग से हुई है। ‘ज्यूरिस’ शब्द का तात्पर्य ‘विधि’ से है, जबकि ‘प्रूडेंशिया’ शब्द का अर्थ ‘ज्ञान’ है। इस प्रकार शाब्दिक अर्थ के अनुसार विधिशास्त्र को ‘विधि का ज्ञान’ कहा जाना चाहिए।

किन्तु यथार्थ में विधिशास्त्र केवल विधि का ज्ञान मात्र न होकर विधि का क्रमबद्ध ज्ञान है। इसलिए सामण्ड ने विधिशास्त्र को ‘विधि का विज्ञान’ निरूपित किया है। यहाँ ‘विज्ञान’ से आशय विषय के क्रमबद्ध अध्ययन से है। मोयली के मतानुसार विधिशास्त्र का अन्तिम लक्ष्य सामान्यतः वही है, जो किसी अन्य विज्ञान का होता है। यही कारण है कि विधिशास्त्र को विधि-सिद्धान्तों का सूक्ष्म एवं गहन क्रमबद्ध अध्ययन कहा जाता है।

2. समाज में विधि का महत्व

समाज में रहते हुए व्यक्ति को जीवन के विभिन्न पहलुओं से पथभ्रमण करना पड़ता है। इस उपक्रम में वह अन्य व्यक्तियों के सम्पर्क में आता है। अनेक अवसरों पर उसके साथ समाज के अन्य सदस्यों के हितों में परस्पर टकराव की स्थिति उत्पन्न होने की सम्भावना रहती है।

अतः यदि मानव आचरणों पर आवश्यक नियन्त्रण न रखा जाये तो उनमें उच्छृंखलता या स्वच्छन्द जीवन व्यतीत करने की प्रवृत्ति उत्पन्न हो जाती है, जो समाज की प्रगति के लिए बाधक सिद्ध हो सकती है।

यही कारण है कि राज्य द्वारा विधि के माध्यम से मनुष्यों के जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में उचित नियन्त्रण रखा जाता है, ताकि वे समाज में रहकर प्रगति कर सकें।

अतः उपर्युक्त विवेचन से यह स्पष्ट है कि विधिशास्त्र का सम्बन्ध विधि के मूलभूत सिद्धान्तों से है तथा विभिन्न विधिवेत्ताओं ने विधिशास्त्र की अलग-अलग परिभाषाएँ दी हैं।

3. विभिन्न विधिवेत्ताओं द्वारा विधिशास्त्र की परिभाषाएँ

(क) रोमन विधिवेत्ता अल्पियन के अनुसार

प्रसिद्ध रोमन विधिवेत्ता अल्पियन के अनुसार, ‘विधिशास्त्र’ शब्द की उत्पत्ति की अनुकूलता पर प्रकाश डालती है, परन्तु यह इतनी अधिक व्यापक है कि इसे नीतिशास्त्र, धर्मशास्त्र तथा दर्शनशास्त्र आदि के प्रति भी लागू किया जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि अल्पियन द्वारा दी गई विधिशास्त्र की परिभाषा तथा अवैधानिक भारत के धर्म की संकल्पना में निकटतम साम्य है। हिन्दू धर्मग्रन्थों के अनुसार ‘धर्म’ मानव-आचरण के ऐसे नियमों का विधान है, जो मनुष्य को भौतिक या आध्यात्मिक विकास की ओर प्रेरित करता है। परन्तु वर्तमान काल के सन्दर्भ में ‘विधिशास्त्र’ का अर्थ मानव के ऐसे कार्यों तथा सम्बन्धों तक ही सीमित है, जिन्हें प्राचीन हिन्दू विधिशास्त्रियों ने ‘व्यवहार’ की संज्ञा दी है।

विधिशास्त्र ऐसे नियमों में निहित सिद्धान्तों की विवेचना करता है, जिन्हें न्यायालयों द्वारा अपने निर्णयों में प्रयुक्त किया जाता है।

(ख) जे. सी. ग्रे के अनुसार

जे. सी. ग्रे के अनुसार विधिशास्त्र विधि का विज्ञान है, जिसके अन्तर्गत न्यायालय द्वारा लागू किये जाने वाले क्रमबद्ध एवं व्यवस्थित नियमों और उनमें सन्निहित सिद्धान्तों का अध्ययन किया जाता है।

(ग) ग्रे द्वारा हॉलैंड की परिभाषा की आलोचना

ग्रे ने हॉलैंड द्वारा दी गई विधिशास्त्र की परिभाषा की आलोचना करते हुए उसे संकीर्ण तथा केवल सांकेतिक निरूपित किया है। उनका कथन है कि विधिशास्त्र केवल औपचारिक विज्ञान नहीं है, बल्कि यह एक पार्थिव विज्ञान भी है। अतः इसे वैध सम्बन्धों और विधिक नियमों का विज्ञान कहा जाता है।

ग्रे के अनुसार विधिशास्त्र विधि के विवेचन पर बल देता है। अतः इसके स्वाभाविक स्वरूप को हॉलैंड की परिभाषा तक सीमित रखना उचित नहीं है।

विधिशास्त्र का क्षेत्र-विस्तार (Scope of Jurisprudence)

विधिशास्त्र के क्षेत्र-विस्तार के विषय में विधिवेत्ताओं ने भिन्न-भिन्न विचार व्यक्त किये हैं। विभिन्न विधिशास्त्रियों के मतों के आधार पर इसके क्षेत्र को निम्नलिखित प्रकार से समझा जा सकता है।

1. केल्सन का विचार

केल्सन ने विधिशास्त्र को नीतिशास्त्र तथा समाजशास्त्र से अलग रखा है। विश्लेषणात्मक विधिशास्त्र की ऑस्टिन शाखा के समर्थक विधिवेत्ताओं ने इस विषय का अध्ययन विश्लेषणात्मक विधिशास्त्र तक ही सीमित रखना उचित समझा।

2. डीन रास्को पाउंड का विचार

डीन रास्को पाउंड के अनुसार विधिशास्त्र का क्षेत्र निर्णयों के सन्दर्भ में विधि का अध्ययन करना है।

3. ऑस्टिन का विचार

ऑस्टिन के विचार से विधिशास्त्र का क्षेत्र केवल निश्चयात्मक विधि के अध्ययन तक ही सीमित रखा जाना चाहिए। निश्चयात्मक विधि से उनका अभिप्राय उस विधि से है, जो राज्य के सम्प्रभुताधारी शासक द्वारा नागरिकों के प्रति लागू की जाती है।

इस प्रकार ऑस्टिन के मतानुसार विधिशास्त्र का उद्देश्य यह कदापि नहीं है कि वह उपयोगिता के आधार पर कानून के गुण-दोषों की विवेचना करे, बल्कि इसका सम्बन्ध केवल राज्य द्वारा प्रवर्तित विधि के अध्ययन तक ही सीमित रहना चाहिए।

4. सिसरो का विचार

इसमें सन्देह नहीं कि वैधानिक न्याय से विधिशास्त्र का प्रत्यक्ष सम्बन्ध है, परन्तु यहाँ न्याय से तात्पर्य उस न्याय से है जिसे सिसरो ने “नियमों के प्रति कृतज्ञता” के नाम से सम्बोधित किया है।

5. सामण्ड का विचार

सामण्ड के अनुसार विधिशास्त्र का क्षेत्र नागरिक विधि के अध्ययन तक ही सीमित है। नागरिक विधि से उनका आशय विभिन्न देशों की नागरिक विधि के मूलभूत सिद्धान्तों से है।

इसी प्रकार अन्य विद्वानों ने इस शास्त्र के प्रति अलग-अलग विचार व्यक्त किये हैं।

किन्तु स्मरणीय है कि विधि का मनुष्यों के सामाजिक जीवन से घनिष्ठ सम्बन्ध होने के कारण इसकी विभिन्न धारणाओं को पृथक-पृथक भागों में विभाजित करना उचित नहीं है।

सामाजिक विकास तथा परिवर्तनों के साथ-साथ विधि सम्बन्धी धारणाएँ बदलती रहती हैं। परिणामतः विधि का क्षेत्र भी विस्तृत हो जाता है।

अतः विधिशास्त्र के अन्तर्गत ऐतिहासिक, तुलनात्मक, विश्लेषणात्मक, दार्शनिक, मानव-विज्ञान सम्बन्धी, चिकित्सकीय आदि ऐसे समस्त शास्त्रों का समावेश है, जिनका उद्देश्य विधि सम्बन्धी धारणाओं तथा सिद्धान्तों का क्रियात्मक अध्ययन करना है।

यही कारण है कि विधिशास्त्र का क्षेत्र पर्याप्त विस्तृत एवं काफी व्यापक है।

निष्कर्ष

उपर्युक्त विवेचन से स्पष्ट है कि विधिशास्त्र केवल विधि के नियमों का अध्ययन नहीं है, बल्कि यह विधि के मूलभूत सिद्धान्तों, उनके विकास, सामाजिक सम्बन्धों तथा न्यायिक प्रयोगों का क्रमबद्ध अध्ययन भी है। विभिन्न विधिवेत्ताओं ने इसके क्षेत्र को अलग-अलग दृष्टिकोण से समझाया है। सामाजिक विकास एवं परिवर्तन के साथ विधिशास्त्र का क्षेत्र भी निरन्तर विस्तृत होता रहता है।


महत्वपूर्ण प्रश्न एवं उत्तर (FAQs)

प्रश्न 1. विधिशास्त्र का शाब्दिक अर्थ क्या है?

उत्तर – विधिशास्त्र का शाब्दिक अर्थ ‘विधि का ज्ञान’ है। यह दो लैटिन शब्दों ‘ज्यूरिस’ और ‘प्रूडेंशिया’ से मिलकर बना है।

प्रश्न 2. विधिशास्त्र को विधि का विज्ञान किसने कहा है?

उत्तर – सामण्ड ने विधिशास्त्र को विधि का विज्ञान कहा है।

प्रश्न 3. ऑस्टिन के अनुसार विधिशास्त्र का क्षेत्र क्या है?

उत्तर – ऑस्टिन के अनुसार विधिशास्त्र का क्षेत्र निश्चयात्मक विधि के अध्ययन तक सीमित है।

प्रश्न 4. सामण्ड के अनुसार विधिशास्त्र का क्षेत्र क्या है?

उत्तर – सामण्ड के अनुसार विधिशास्त्र का क्षेत्र नागरिक विधि के अध्ययन तक सीमित है।

प्रश्न 5. विधिशास्त्र के क्षेत्र में किन विषयों का समावेश है?

उत्तर – इसके अन्तर्गत ऐतिहासिक, तुलनात्मक, विश्लेषणात्मक, दार्शनिक, मानव-विज्ञान सम्बन्धी तथा चिकित्सकीय विषयों का समावेश है।

प्रश्न 6. विधिशास्त्र का मुख्य उद्देश्य क्या है?

उत्तर – विधिशास्त्र का मुख्य उद्देश्य विधि सम्बन्धी धारणाओं, मूलभूत सिद्धान्तों तथा उनके क्रमबद्ध अध्ययन को समझना है।


Related Notes Post

Gyan Mahal

एक कदम सफलता की ओर .........

About Us

इस वेबसाइट पर उपलब्ध सभी जानकारी सामान्य शैक्षणिक एवं सूचना के उद्देश्य से प्रकाशित की जाती है। हम जानकारी को सही एवं अपडेट रखने का पूरा प्रयास करते हैं, फिर भी किसी त्रुटि, अधूरी या पुरानी जानकारी की संभावना हो सकती है। महत्वपूर्ण जानकारी के लिए कृपया संबंधित आधिकारिक स्रोत से पुष्टि करें। Gyan Mahal किसी प्रकाशित जानकारी के आधार पर होने वाली प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष हानि के लिए, लागू कानून की सीमा तक, जिम्मेदार नहीं होगा।

Follow Us

Subscribe For New Posts Updates